Janta Ki Awaz

  • होम
  • देश
  • विदेश
  • छत्तीसगढ़
    • सरगुजा संभाग
      • अंबिकापुर
      • सूरजपुर
      • बलरामपुर
      • बैकुंठपुर
      • मनेन्द्रगढ़
    • रायपुर संभाग
    • बिलासपुर संभाग
    • दुर्ग संभाग
    • बस्तर संभाग
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
Search
© Dindori Expose By Brandpool
Notification Show More

Janta Ki Awaz

  • होम
  • देश
  • विदेश
  • छत्तीसगढ़
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
Search
  • होम
  • देश
  • विदेश
  • छत्तीसगढ़
    • सरगुजा संभाग
    • रायपुर संभाग
    • बिलासपुर संभाग
    • दुर्ग संभाग
    • बस्तर संभाग
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
Follow US
© 2022 Dindori Expose By Brandpool
सूरजपुर

सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक

*- त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर हुई चर्चा*

*- हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं की व्यवस्था होगी लागू*

*सूरजपुर/24 अगस्त 2026/*  कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल ने आज सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में बैठक लेकर जिले की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आगामी मिलाद-उन-नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती नयन तारा सिंह तोमर, श्री जगन्नाथ वर्मा, एसडीओपी श्री अभिषेक पैकरा, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
                 कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति को देखते हुए सड़क सुरक्षा के उपायों की समीक्षा की। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार रंबल स्ट्रिप, सड़क संकेतक, साइन एजेंस एवं पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसमें नेशनल हाईवे सहित एक्सीडेंट प्रोन एरिया में सभी आवश्यक यातायात संकेतक लगाने तथा सड़कों की कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
                    आरटीओ विभाग को ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूल बसों एवं स्कूल वैन की जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल नहीं दिए जाने संबंधी व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
                    कलेक्टर ने सड़कों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां अक्सर मवेशी सड़क पर बैठते हैं। उन्होंने सुरक्षा उपायों के साथ मवेशियों को सड़क से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

*नाबालिगों के वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई:-*
बैठक में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी स्कूल प्रशासन को निर्देशित किया कि नाबालिगों के वाहन चलाने पर होने वाली कार्रवाई के संबंध में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए। अभिभावकों से भी नाबालिगों को वाहन न देने के लिए जागरूक करने को कहा गया।

*त्यौहारों को देखते हुए कानून व्यवस्था की समीक्षा:-*
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आगामी मिलाद-उन-नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कानून व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए गए।

                    बैठक में धरना-प्रदर्शन, रैली एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को ऐसे आयोजनों की पूर्व सूचना एवं अनुमति की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर भी निगरानी रखने को कहा गया।

Binod Gupta Binod Gupta August 24, 2026
Read More
सूरजपुर

सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर कलेक्टर की सीधी नजर, गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

*- महज औपचारिकता नहीं, बल्कि आवेदक की वास्तविक संतुष्टि की कसौटी पर खरा उतरना हो प्राथमिकता – कलेक्टर*

*- टीबी मुक्त सूरजपुर के लिए युद्धस्तर पर कार्य करें, वेक्टर जनित रोगों पर रखें सख्त निगरानी*

*- कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं कृषि योजनाओं की कसी कमान*

*- समय-सीमा की बैठक सम्पन्न*

*सूरजपुर/24 अगस्त 2026/*  कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने प्रकरणों के निपटारे की स्थिति के साथ-साथ समाधान की गुणवत्ता और नागरिकों से मिले फीडबैक को भी बारीकी से परखा। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रकरण प्राप्त करने व बंद करने के बाद आवेदकों से संपर्क कर यह अवश्य जाँचें कि उन्हें वास्तव में राहत मिली है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निपटारा महज औपचारिकता नहीं, बल्कि आवेदक की वास्तविक संतुष्टि की कसौटी पर खरा उतरना चाहिए।
                  राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़े प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने लंबित मामलों, नियत अवधि पार कर चुके आवेदनों तथा वर्तमान में सर्वाधिक दर्ज हो रही शिकायतों का बिंदुवार विश्लेषण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे मामलों की जड़ तक पहुँचकर त्वरित एवं स्थायी हल निकालने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक बड़ी उम्मीद के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा लेते हैं, इसलिए हर आवेदन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए तय समय में कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने विभाग प्रमुखों को ताकीद की कि विभागीय स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय कर ड्यूटी लगाई जाए, ताकि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से अटका न रहे।
                    बैठक में स्वास्थ्य विभाग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने टीबी मुक्त सूरजपुर की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति तथा सुदूर एवं पहुँचविहीन क्षेत्रों तक उनकी उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने पर बल दिया। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अमले को सख्त मॉनिटरिंग तथा व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि घरों के आसपास अथवा छतों पर रखे कूलर, टायर और डिब्बों में पानी ठहरने न पाए तथा लार्वा नष्ट करने की कार्रवाई निरंतर चलती रहे। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की नालियों की नियमित सफाई तथा जलभराव वाले स्थानों पर कीटनाशक या मिट्टी का तेल डालने पर जोर दिया। साथ ही विद्यालयों और स्थानीय स्तर पर आमजन को इन रोगों के लक्षणों एवं बचाव के उपायों से अवगत कराने की बात कही।
                   प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की प्रगति पर भी कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर आधारित सूक्ष्म सिंचाई का अधिकाधिक विस्तार कर खेत स्तर पर जल उपयोग दक्षता बढ़ाई जाए। कलेक्टर ने ‘‘प्रति बूंद अधिक फसल‘‘ के ध्येय को रेखांकित करते हुए कहा कि सटीक जल प्रबंधन से फसलों की उत्पादकता के साथ किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों तक योजना का लाभ समय पर पहुँचाने तथा जल स्रोत सृजन, जल भंडारण एवं संरक्षण से जुड़े कार्यों में गति लाने की अपेक्षा जताई।
                     बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व एसडीएम व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Binod Gupta Binod Gupta August 24, 2026
Read More
सूरजपुर


महतारी वंदन की किस्त से सजेगा भाई का रक्षाबंधन, कुंती साहू ने कहा- धन्यवाद विष्णु भैया

*सूरजपुर/24 अगस्त 2026/*   रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर मिलने वाली छोटी-सी आर्थिक मदद भी त्योहार की खुशियों को और खास बना देती है। सूरजपुर जिले की निवासी श्रीमती कुंती साहू के लिए महतारी वंदन योजना की किस्त रक्षाबंधन से पहले ऐसी ही खुशियों की सौगात लेकर आई है।
              श्रीमती कुंती साहू बताती हैं कि रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के साथ मिठाई और उपहार देने की इच्छा हर बहन की होती है। लेकिन वर्तमान समय में बढ़ती कीमतों के बीच इन छोटी-छोटी खुशियों के लिए भी सोच-समझकर खर्च करना पड़ता है। ऐसे में महतारी वंदन योजना से मिली राशि उनके लिए आर्थिक संबल बनी है। अब वे अपने भाई के लिए राखी, मिठाई और अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपहार ले सकेंगी।
                भावुक होते हुए श्रीमती कुंती साहू ने कहा कि “रक्षाबंधन से पहले यह राशि मिलना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। अब मैं अपने भाई के लिए राखी, मिठाई और उपहार ले पाऊंगी। इस सौगात के लिए विष्णु भैया, मुख्यमंत्री जी को दिल से धन्यवाद देती हूं।”
              महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने के साथ उनके जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों की खुशियों में भी सहभागी बन रही है। कुंती साहू के लिए इस बार का रक्षाबंधन इसी आत्मीय एहसास के साथ और भी यादगार होगा।

Binod Gupta Binod Gupta August 24, 2026
Read More
अंबिकापुरसरगुजा संभाग



साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर अंबिकापुर, हाई स्कूल बाकिरमा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुर, ग्राम जमदरा स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सोहगा, सनराइज स्कूल, नवानगर स्कूल दरिमा, केशवपुर महाविद्यालय, डी ए वी स्कूल भटको उदयपुर, केदारपुर हायर सेकेंडरी स्कूल अंबिकापुर, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुण्ड्रा, मल्टीपरपज स्कूल अंबिकापुर में उपस्थित छात्र एवं छात्राओं एवं नागरिकों को किया गया जागरूक*

*अंबिकापुर, 22 अगस्त 2026।*

➡️ *डीआईजी/एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोडल अधिकारी साइबर सेल श्री रितेश चौधरी के कुशल नेतृत्व में जिला अंतर्गत प्रथम सप्ताह सभी स्कूल – कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में “साइबर जागृति अभियान” आयोजित किया जा रहा है!*


➡️ साइबर अपराधों के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत *सरस्वती शिशु मंदिर अंबिकापुर, हाई स्कूल बाकिरमा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुर, ग्राम जमदरा स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सोहगा, सनराइज स्कूल, नवानगर स्कूल दरिमा, केशवपुर महाविद्यालय, डी ए वी स्कूल भटको उदयपुर, केदारपुर हायर सेकेंडरी स्कूल अंबिकापुर, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुण्ड्रा, मल्टीपरपज स्कूल अंबिकापुर* में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के छात्र एवं छात्राओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं एवं नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

छात्र छात्राओं एवं नागरिकों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK फाइल डाउनलोड करने तथा किसी के कहने पर QR Code स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व को समझाते हुए छात्राओं को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम के दौरान “जागरूकता की एक Selfie” अभियान के अंतर्गत छात्राओं को जागरूकता QR Code के संबंध में जानकारी दी गई। छात्र छात्राओं एवं नागरिकों को QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्र छात्राओं एवं नागरिकों द्वारा QR Code के साथ Selfie भी ली गई।

उपरोक्त कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल अंबिकापुर की प्राचार्या श्रीमती मीरा साहू, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल की प्राचार्या श्रीमती लीना थॉमस, केदारपुर हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रूमी घोष, नवा बिहान टीम की ओर से श्री अजय तिवारी, श्री मंगल पाण्डेय,  उप निरीक्षक अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी झा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनुराग वर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिव कुमार ध्रुव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिगेश्वर वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, प्रधान आरक्षक शत्रुधन सिंह, राहुल केरकेट्टा, दशरथ राजवाड़े, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे तथा पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम द्वारा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। लगभग 1000 छात्र छात्राओं एवं नागरिकों की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

*सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।*

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
अंबिकापुरसरगुजा संभाग



• साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा के नेतृत्व में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम।



डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा. पु. से.) के दिशा निर्देशन में साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत आज संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय, अंबिकापुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को विश्वास में लेकर ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते हैं। विद्यार्थियों को OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, साइबर ठगी, सोशल मीडिया अपराध, अनजान कॉल एवं संदेश तथा अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के संबंध में जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत करने और आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

वहीं महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज द्वारा साइबर जागृति अभियान के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने की समझाइश देते हुए स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संवादात्मक एवं प्रभावी बनाने के लिए छात्र-छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तरी (Q/A) सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन सुरक्षा एवं डिजिटल माध्यमों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज द्वारा सरल एवं संतोषजनक तरीके से उत्तर देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, महिला आरक्षक सविता मरावी, लोरेटा एक्का एवं संगीता बड़ा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह, डॉ. पूजा दुबे, श्रीमती सुमन पाण्डेय, डॉ. रानी पाण्डेय, श्रीमती नीरू त्रिपाठी एवं श्रीमती चंदा सिंह सहित समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, अनमोल बारी, आर्यन पाण्डेय एवं राजकुमार उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने में सहयोग किया।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों की पहचान, उनसे बचाव तथा किसी भी साइबर घटना की स्थिति में समय पर उचित कदम उठाने के लिए जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर जागरूकता के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव की सबसे मजबूत ढाल है।

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
अंबिकापुरसरगुजा संभाग

थाना सीतापुर के एक करोड़ के उठाईगिरी के मामले में शामिल आरोपी गंजाम उड़ीसा से किया गया गिरफ्तार, 46 लाख कीमती आभूषण पूर्व में किया गया था बरामद।

:- डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानो पर छापेमारी के दौरान मिली सफलता।
:- आरोपी अपने अन्य साथियो के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी की घटना कों दिए था अंजाम।
:- पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद किया गया जप्त।
:- पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर अन्य आरोपियों के गिरफ़्तारी हेतु किया जा रहा सार्थक प्रयास, फरार आरोपी जल्द कर लिए जाएंगे गिरफ्तार।


➡️ मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है, कि दिनांक 26/07/2026 को प्रार्थी अरूणदेव सोनी थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास इनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेर्ल्स दुकान संचालित है। दिनांक 26/07/2026 के करीबन 11ः30 बजे सुबह अपनी स्कूटी में ज्वेर्ल्स का बैग लेकर अपनी दुकान खोलने गया था। दुकान के पास स्कूटी में ज्वेर्ल्स बैग को रखकर दुकान का शटर खोल रहा था, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति के द्वारा स्कूटी के सामने रखे बैग को लेकर भाग गये। चोरी किये गये सोने-चांदी की ज्वेलर्स की कीमत अनुमानित करीब एक करोड़ है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया है।

➡️ मामले कों संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एवं डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री रितेश चौधरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर श्री तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम का गठन किया गया एवं पुलिस टीम कों मामले के आरोपियों एवं उठाईगिरी का मशरुका शीघ्र बरामद करने के दिशा निर्देश दिए गए थे।

➡️ इसी क्रम में प्रकरण के विवेचना दौरान घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी वीडियो फुटेज प्राप्त कर संयुक्त टीम के द्वारा बारीकी से जांच/अवलोकन किया गया। जो दो मोटरसाइकिल में चार संदिग्धों द्वारा मिलकर व्यवसायी के कब्जे से बैग लेकर भागते हुए दिखे। सीसीटीव्ही फुटेज के माध्यम से उनके रूट को फॉलो किया, जिनका रूट सरगुजा क्षेत्र के ग्राम गेरसा, जिला जशपुर क्षेत्र कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, दीगर राज्य झारखण्ड क्षेत्र कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा इत्यादि एवं दीगर राज्य उड़िसा के सुन्दरगढ़ एवं अन्य संभावित स्थानों को सीसीटीव्ही फुटेज का अवलोकन कर स्पष्ट किया गया। प्रकरण के विवेचना दौरान पुलिस टीम के द्वारा सभी संभावित स्थानों के करीब 500 सीसीटीव्ही फुटेज एवं तकनीकी विश्लेषण कर अवलोकन किया गया है। जो प्राप्त सीसीटीव्ही फुटेज एवं हुलिया के आधार पर अलग-अलग राज्यों के पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदेहियों का पहचान कराया गया। जो मोटर साइकिल सवार चंटी दास निवासी ग्राम सोर्डा जिला गजाम उड़ीसा एवं दास नागेश्वर निवासी नारायणपुर थाना कोटिनाडा जिला गंजाम उड़िसा के रूप में पहचान की गई।

⏩ साइबर सेल अबिकापुर एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम द्वारा उडिसा राज्य की स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों के हर संभावित ठिकानों पर लगातार 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान स्थानीय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही चंटी दास बीते रात दिनांक 16 अगस्त 2026 अपने घर आया था। मुखबिर के सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम जिला सरगुजा एवं थाना प्रभारी शोर्डा, थाना प्रभारी आश्का जिला गंजाम की पुलिस टीम द्वारा संदेही चंटी दास के घर पहुंची जो घर पर ताला बंद था। मुखबिर की सूचना के आधार पर विधिवत रूप से तलाशी ली गई। जो संदेही चंटी दास अपने घर पर नहीं मिला। संदेही के घर की तलाशी पर संदेही द्वारा अपने घर में सीतापुर के चोरी के जेवरात को छिपाकर रखे गए करीब 300.92 ग्राम सोने के आभुषण कीमती करीब 43 लाख रूपये एवं चांदी के आभूषण करीब 1 किलो 168 ग्राम कीमती करीब 03 लाख रूपये का गवाहों के समक्ष पूर्व में विधिवत् रूप से जप्त किया गया था।

➡️ संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपियों की गिरफ़्तारी हेतु संभावित ठिकानो पर लगातार छापेमार कार्यवाही की जा रही थी, इसी दौरान जिला गंजाम उडिसा से मामले में शामिल आरोपी दास नागेश्वर कों पकड़कर पुछताछ किया गया जो आरोपी द्वारा अपना नाम *दास नागेश्वर आत्मज दास नारायणी उम्र 45 वर्ष साकिन नारायणपुर पोड़िया थाना आस्का जिला गंजाम उड़ीसा* का होंना बताया, आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर घटना दिनांक कों अपने अन्य साथीयों के साथ मिलकर संगठन बनाकर उठाईगिरी (चोरी) करना स्वीकार किये जाने पर प्रकरण में धारा 111 (2), 3 (5) बी.एन.एस. जोडी गई है, पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद जप्त किया गया है, प्रकरण के अन्य आरोपीगण घटना दिनांक से फरार है, फरार आरोपियों का सरगर्मी से पता तलाश किया जा रहा है, शेष फेयर आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जायेंगे। अभियुक्त दास नागेश्वर पिता दास नारायणी का अपराधिक रिकॉर्ड प्राप्त करने हेतु आईसीजीएस पोर्टल पर सर्च किया गया उक्त अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 2021 में (01). थाना अस्का जिला गंजाम उडिसा में अपराध क 57/21 धारा उडिसा अबकारी एक्ट 52 (ए), (02) थाना चिन्डीपाडा में 366/2021 धारा 379 भादवि, (03). अप.क. 398/2021 धारा 392 भादवि का दर्ज होना पाया गया है, आरोपी आदतन अपराधी किस्म का है।

➡️ सम्पूर्ण कार्यवाही में *साइबर सेल अम्बिकापुर* से प्रभारी साइबर सेल सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्र.आर. भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पूरी, एवं *थाना सीतापुर* से सहायक उप निरीक्षक डेविड मिंज, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा, आरक्षक निर्मल तिग्गा सक्रिय रहे।

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
अंबिकापुर



थाना लुण्ड्रा अंतर्गत हत्या के प्रयास के मामले में अदालत का बड़ा फैसला, आरोपी 10 वर्ष के कठोर कारावास से दण्डित

   *सरगुजा, 22 अगस्त 2026* । थाना लुण्ड्रा क्षेत्र के ग्राम गेरसा में गत वर्ष हुए हत्या के प्रयास के मामले में माननीय द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, अंबिकापुर के न्यायालय ने 21 अगस्त 2026 को महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए मामले के आरोपी  *01 पेरवा राम उर्फ़ प्रेमा राम आत्मज स्व बागर साय उम्र 60 वर्ष साकिन गेरसा महुआपारा थाना लुण्ड्रा जिला सरगुजा (छ.ग.)* को हत्या के प्रयास के अपराध में 10 वर्ष के कठोर कारावास एवं 1000/- रुपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया है। पुलिस की विवेचना, महत्वपूर्ण साक्ष्यों और अभियोजन की प्रभावी पैरवी के आधार पर न्यायालय ने अभियोजन के पक्ष में निर्णय दिया।

      मामला थाना लुण्ड्रा के अपराध क्रमांक 140/2025 से संबंधित है। घटना 14 जुलाई 2025 के दिन दोपहर 12 बजे ग्राम गेरसा महुआपारा में हुई थी। आहत अनिता कुजूर को उसका ससुर खेती बाड़ी की बात को लेकर फावड़ा से मारकर चोट पहुँचाया था, आहत अनिता कुजूर के सिर में पीछे तरफ गंभीर चोट लगकर खून निकल रहा था व जमीन पर बेहोश पड़ी थी बातचीत नहीं कर रही थी, मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा थाना लुण्ड्रा पुलिस टीम कों मामले में बारिकी से साक्ष्य एकत्रित करने के दिशा निर्देश दिए गए थे, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की गहनता से पता तलाश तलाश शुरू की थी।

       विवेचना के दौरान पुलिस ने *आरोपी पेरवा राम उर्फ़ प्रेमा राम* कों पकड़कर पूछताछ किया गया जो आरोपी के मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा (कोड़ी) बरामद किया था, इसके साथ ही घटनास्थल से आहत के पास पड़ी खून आलूदा मिट्टी और साधारण मिट्टी के नमूने संरक्षित किये गए साथ ही अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को विधिवत जब्त किया गया। जब्त सामग्री को परीक्षण के लिए एफएसएल भेजा गया तथा विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार का क्यूरी परीक्षण भी कराया गया।

        मामले की विवेचना थाना लुण्ड्रा के तात्कालीन विवेचक सहायक उप निरीक्षक एस. आर. साहू द्वारा की गई थी। विवेचना पूर्ण होने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अभियोग पत्र दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को न्यायालय में प्रस्तुत किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत आरोप लगाए गए थे।

         न्यायालय में अभियोजन पक्ष ने मामले को मजबूत तरीके से प्रस्तुत करते हुए 15 महत्वपूर्ण गवाहों के कथन और 35 आर्टिकल साक्ष्य के रूप में पेश किए। पुलिस द्वारा जुटाए गए परिस्थितिजन्य एवं भौतिक साक्ष्यों तथा अभियोजन की प्रभावी पैरवी के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास एवं 1000 रूपये के अर्थदंड की सजा सुनाई, अर्थदंड अदायगी में व्यतिक्रम में 03 माह का कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।

         माननीय  न्यायालय ने आहत को क्षतिपूर्ति प्रदान किए जाने के संबंध में भी विचार किया। निर्णय में कहा गया कि आहत अनिता कुजूर को हुई गंभीर एवं दीर्घकालीन शारीरिक क्षति, उसके उपचार, दैनिक जीवन की कार्यक्षमता पर पड़े प्रभाव तथा उपलब्ध अभिलेख से परिलक्षित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अभियुक्त पर अधिरोपित ₹1,000/- के अर्थदण्ड से आहत को पर्याप्त प्रतिकर उपलब्ध नहीं होगा। अतः भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 395 के अधीन लागू विधिक प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए तथा धारा 396 BNSS के अंतर्गत Victim Compensation Scheme के अनुसार आहत अनिता कुजूर को उचित प्रतिकर प्रदान किए जाने हेतु अनुशंसा की गई है।

          हत्या के प्रयास के मामले में न्यायालय का यह फैसला पुलिस की प्रभावी विवेचना, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और अभियोजन की मजबूत पैरवी का परिणाम है, जिसने गंभीर अपराध के आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरगुजा पुलिस की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा श्री दीपक झा (भा.पु.से.)द्वारा प्रकरण के  विवेचना अधिकारी सहायक उप निरीक्षक एस. आर. साहू तथा विवेचना में सहायक रहे लुण्ड्रा स्टॉफ के उत्साहवर्धन हेतु उचित पारितोषिक प्रदान करने की घोषणा की है।

         डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने माननीय न्यायालय के निर्णय कों महत्वपूर्ण बताया, एवं मामले के *विवेचक सहायक उप निरीक्षक एस. आर. साहू* के उच्च व्यवसायिक दक्षता एवं उत्कृष्ट विवेचना की प्रशंसा की है ।*

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
सूरजपुर

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में लोगों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

*दूर-दराज के मरीज उठा रहे नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ*

*विशेषज्ञ चिकित्सकों और जिला स्वास्थ्य टीम के समन्वय से साकार हो रही बेहतर स्वास्थ्य सेवा की पहल*

*सूरजपुर/22 अगस्त 2026/*  कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत 16 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच रहे जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं सहजता से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
         लाइफलाइन एक्सप्रेस में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग जैसी स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक ओपीडी संचालित हो रही है।
        कलेक्टर श्रीमती रेना जमील द्वारा शिविर के सफल संचालन, में अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को निरंतर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं मैदानी अमला आपसी समन्वय से कार्य कर रहा है।
          शिविर की व्यवस्थाओं में सूरजपुर के स्वास्थ्य अमले की टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सहायक नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश राजवाड़े के नेतृत्व में वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी एस.पी. मिश्रा तथा नेत्र सहायक अधिकारी मारुति नंदन चक्रधारी, अमित सोनी, सुरेन्द्र सिंह सोरी, बेंजामिन खाखा, इमरान खान, रवि शंकर कुशवाहा, विनोद भगत, श्यामलाल चौधरी, बी.एन. शर्मा, पुष्पराज वर्मा, अमित चौरसिया एवं जितेंद्र कुशवाहा सहित स्वास्थ्य अमला पूरी तत्परता के साथ मरीजों के पंजीयन, जांच, मार्गदर्शन एवं उपचार प्रक्रिया में सहयोग प्रदान कर रहा है।
           जिला प्रशासन का प्रयास है कि लाइफलाइन एक्सप्रेस जैसी पहल का लाभ जिले के अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचे। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए स्वयं एवं अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी दें और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
सूरजपुर

बैगलेस डे में रचनात्मकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

*कागज की राखी बनाकर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, पोषण वाटिका और स्वच्छता गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा*

*सूरजपुर/22 अगस्त 2026/* जिले के विद्यालयों में बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों को सीखने के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती लता बेक के निर्देशन में आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला तीवरागुड़ी, माध्यमिक शाला पस्ता तथा माध्यमिक शाला पंपानगर में राखी बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने कागज एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, रचनात्मकता और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के सदुपयोग का संदेश दिया गया।

बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यालयों में संचालित पोषण वाटिकाओं की नींदाई-गुड़ाई एवं रखरखाव की गतिविधियां भी कराई गईं। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता में सहभागिता करते हुए खरपतवार का उन्मूलन किया और स्वच्छ एवं सुंदर विद्यालय परिसर का संदेश दिया।

कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग जिला मिशन समन्वयक डीएमसी श्री मनोज साहू , सहायक संचालक शिक्षा श्री अजय सिंह सहित एडीपीओ समग्र शिक्षा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों द्वारा की जा रही है। बैगलेस डे की ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, स्वच्छता की आदत और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
सूरजपुर

टीबी मुक्त भारत अभियान: भैयाथान ब्लॉक को दिसंबर 2026 तक ‘टीबी मुक्त’ बनाने की तैयारी, एनसीसी और ‘माय भारत’ के युवा संभालेंगे मोर्चा
सूरजपुर/22 अगस्त 2026/ देश को क्षय रोग से पूर्णतः मुक्त करने के संकल्प के तहत जिला सूरजपुर में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. डी. पैकरा के निर्देश पर जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स तथा ‘माय भारत’ के युवा वॉलिंटियर्स ने सहभागिता की। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की युवा एवं छात्र शक्ति को स्वास्थ्य एंबेसडर के रूप में तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों और जिला क्षय रोग अधिकारियों ने कैडेट्स एवं वॉलिंटियर्स को टीबी के लक्षणों, जांच की आधुनिक पद्धतियों तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क उपचार सुविधाओं के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि टीबी का पूर्ण इलाज संभव है, बशर्ते लक्षणों की पहचान समय पर हो और मरीज बिना किसी व्यवधान के दवा का पूरा कोर्स पूर्ण करे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि एनसीसी कैडेट्स में अनुशासन होता है और ‘माय भारत’ के वॉलिंटियर्स में समाज सेवा का जज्बा। जब ये दोनों शक्तियां स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्य करेंगी, तो जिले के दूरदराज के गांवों और वनांचलों तक टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना अत्यंत सहज हो जाएगा।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये कैडेट्स और वॉलिंटियर्स अब सीधे फील्ड पर उतरेंगे। ये युवा विशेष रूप से भैयाथान विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों और ग्रामीण अंचलों में घर-घर जाकर संभावित मरीजों को चिह्नित करेंगे, समाज से टीबी का भय एवं भ्रांतियां दूर करेंगे तथा मरीजों को इलाज के लिए प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न विकासखंडों, गांवों और शहरी वार्डों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसका मुख्य कार्य लक्षणों की पहचान कर संभावित टीबी मरीजों को चिह्नित करने में सहयोग करना, समाज में टीबी रोग से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को मिटाना तथा शासन द्वारा टीबी मरीजों को दी जाने वाली निक्षय पोषण योजना की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।
कार्यशाला में टीबी नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा ने बताया कि शासन द्वारा भैयाथान ब्लॉक को दिसंबर 2026 तक संपूर्ण क्षय सुरक्षित विकासखंड घोषित करने का लक्ष्य दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को समय पर हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चाक-चौबंद रणनीति तैयार की है, जिसमें एनसीसी और ‘माय भारत’ के वॉलिंटियर्स की भूमिका सर्वाधिक अहम होगी।
इस अवसर पर जिला समन्वयक संजीत सिंह ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भैयाथान ब्लॉक सहित पूरे जिले को टीबी मुक्त करने के लिए पांच प्रमुख बिंदुओं पर युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा। इनमें ब्लॉक के प्रत्येक नागरिक की टीबी जांच और स्क्रीनिंग सुनिश्चित करना, लक्षण दिखते ही आधुनिक मशीनों से तत्काल और सटीक पहचान करना, चिह्नित मरीजों का बिना किसी बाधा के पूर्ण इलाज संपन्न कराना, निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय एवं पौष्टिक सहायता शत-प्रतिशत पात्रों तक पहुंचाना तथा इस अभियान को महज सरकारी कार्यक्रम न रखकर जनभागीदारी के माध्यम से जन-आंदोलन का स्वरूप देना शामिल है।
कार्यशाला के अंत में जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में उपस्थित समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों और युवाओं ने ‘टीबी हारेगा, सूरजपुर जीतेगा’ के नारे के साथ इस मिशन को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा जताया कि युवाओं के इस नए जोश और जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से सूरजपुर शीघ्र ही टीबी मुक्त जिलों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा होगा। कार्यशाला में उमेश गुप्ता, नीतीश दुबे सहित टीबी विभाग एवं जिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Binod Gupta Binod Gupta August 22, 2026
Read More
Show More

Search

Cricekt Score

Contact For Advertisement

⚠️ जरुरी सुचना
इस न्यूज़ पोर्टल पर प्रकाशित सभी समाचार, रिपोर्ट, लेख, फोटो, वीडियो एवं अन्य समाचार सामग्री संबंधित संवाददाता, पत्रकार अथवा समाचार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं स्रोतों पर आधारित होती है।

पोर्टल पर प्रकाशित किसी भी समाचार की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संवाददाता/समाचारदाता की होगी। प्रकाशित समाचार से यदि किसी व्यक्ति, संस्था अथवा संगठन को किसी प्रकार की आपत्ति, विवाद या कानूनी समस्या उत्पन्न होती है, तो उसके लिए संबंधित समाचारदाता/संवाददाता स्वयं उत्तरदायी होगा।

पोर्टल के संपादक, प्रकाशक अथवा प्रबंधन का प्रत्येक प्रकाशित समाचार से सहमत होना आवश्यक नहीं है। किसी समाचार में प्रकाशित तथ्य, आरोप, बयान अथवा अन्य जानकारी की सत्यता एवं प्रमाणिकता की जिम्मेदारी संबंधित संवाददाता/समाचार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की होगी।

पोर्टल का उद्देश्य जनहित से जुड़ी खबरों एवं सूचनाओं को पाठकों तक पहुंचाना है। किसी समाचार में किसी व्यक्ति या संस्था के संबंध में लगाए गए आरोपों को अंतिम सत्य न माना जाए, जब तक कि संबंधित मामले में सक्षम प्राधिकारी अथवा न्यायालय द्वारा पुष्टि न की गई हो.
संपादक: विनोद गुप्ता
पता: जरही, जिला सूरजपुर, छत्तीसगढ़
मोबाइल: 6268429050
[Ruby_E_Template id="415"]
© Janta Ki Awaz By Brandpool
Welcome Back!

Sign in to your account

Forget Password

Lost your password?