आशीर्वाद का हर दिया बनेगा विकसित भारत की संकल्प ज्योति

दीपों की इस रोशनी में अपने संकल्प की एक ज्योति जोड़ सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनें-सानूल हक

*सूरजपुर/15 सितंबर 2026/* सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूरजपुर में आयोजित हो रहे सेवा संकल्प उत्सव को लेकर भारतीय कलाकार संघ के संरक्षक एवं चित्रकार श्री सानूल हक ने जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागी बनने की अपील की है।
श्री हक ने कहा कि सूरजपुर में 1,11,111 दीप प्रज्वलित कर सेवा और संकल्प की ज्योति जगाई जाएगी। जो कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और विकसित भारत के सपने में अपनी भागीदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर का प्रत्येक नागरिक इस ऐतिहासिक पहल का बराबर का भागीदार बने और पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी की ताकत से और प्रबल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज देश जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प उत्सव इसी सामूहिक भावना को अभिव्यक्त करने का माध्यम है और विकसित भारत-2047  देश के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सूरजपुरवासियों से आह्वान किया कि दीपों की इस रोशनी में अपने संकल्प की एक ज्योति भी जोड़ें और विकसित, समृद्ध एवं सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनें।

Binod Gupta