Reading:
संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने राजस्व कार्यालयों का किया निरीक्षण
सभी प्रकरण ऑनलाइन दर्ज होने के साथ समय-सीमा पर हो निराकरण – श्री दुग्गा
*सूरजपुर/11 सितंबर 2026/* सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न राजस्व कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील कार्यालय लटोरी, तहसील कार्यालय सूरजपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) सूरजपुर कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने तहसील कार्यालय लटोरी में विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यों की प्रगति एवं अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कानूनगो श्री शरद अंबष्ट को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा राजस्व संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
ततपश्चात् संभागायुक्त ने तहसील कार्यालय सूरजपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार नायब तहसीलदार कक्ष में पहुंचकर लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निराकृत प्रकरणों को नियमानुसार नस्तीबद्ध करने की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में कार्य की गुणवत्ता एवं समय-सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखें। संभागायुक्त ने कानूनगो शाखा का निरीक्षण करते हुए राजस्व अभिलेखों एवं फाइलों के संधारण की स्थिति देखी। उन्होंने सभी फाइलों को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अद्यतन रूप से संधारित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नियमित रूप से अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री दुग्गा ने पासबुक, सर्विस बुक, कैशबुक, गोशवारा सहित विभिन्न कार्यालयीन अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नाजिर शाखा, भुईयां शाखा, निर्वाचन शाखा का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन कार्यों में लापरवाही पर तहसील कार्यालय में संभागायुक्त ने श्री राजेश साहू कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सूरजपुर के निरीक्षण के दौरान अन रजिस्टर्ड प्रकरणों की जानकारी लेकर रजिस्टर्ड करने के निर्देश दिए एवं वर्षों लंबित पुराने राजस्व प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, उपायुक्त सरगुजा श्री आर.के. खूंटे एवं श्रीमती शारदा अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती शिवानी जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।