विशिष्ट अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी जिला स्तरीय आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में सहभागिता
सूरजपुर/16 सितम्बर 2026/ सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। सूरजपुर जिले में अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा, जिसमें जिलेभर में 4 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, संकल्प और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम सूरजपुर विकासखंड अंतर्गत रंगमंच में आयोजित होगा, जहां 18111 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल होंगी।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से 17 सितंबर की शाम 07ः00 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक घर से सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता का दीप प्रज्ज्वलित होगा, तो यह सामूहिक संकल्प समाज में नई ऊर्जा का संचार करेगा। सूरजपुर के 4 लाख 11 हजार 111 दीप जब एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे, तो यह सामूहिक जनभागीदारी और सेवा भावना का प्रेरक संदेश बनेगा।
