सेवा संकल्प अभियान

बेटियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव बन रही सुकन्या समृद्धि योजना

आज का संकल्प, बेटी के कल की सुरक्षा- श्रीमती वर्षा देवांगन

*सूरजपुर/15 सितंबर 2026/*  सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज के हर वर्ग के लिए किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं से सकारात्मक बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है। इसी कड़ी में शासन की ओर से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नीतियों और योजनाओं का निर्माण एवं संचालन किया जा रहा है, ताकि बेटियों का भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित और मजबूत हो सके। जिसके अंतर्गत सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के सुरक्षित भविष्य के दिशा में बेहतर साबित हो रही है।
              ऐसे ही कुम्दा बस्ती निवासी श्रीमती वर्षा देवांगन को  बेटी के भविष्य के लिए बचत करने इच्छा तो थी, लेकिन योजना की जानकारी के अभाव में संभव नहीं हो पा रहा था। आंगनबाड़ी के माध्यम से सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी मिलने के बाद वर्षा ने अपनी बेटी के नाम पर खाता खुलवाया और उसमें नियमित रूप से राशि जमा करना शुरू किया।
            वर्षा बताती हैं कि सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से वे आज से ही अपनी बेटी के कल को सुरक्षित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। उन्हें विश्वास है कि समय के साथ जमा होने वाली राशि बेटी की पढ़ाई-लिखाई और भविष्य की महत्वपूर्ण जरूरतों में सहारा बनेगी।
                वर्षा देवांगन कहती हैं, मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और हमारे विष्णु भैया का धन्यवाद करती हूं कि सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य के लिए बहुत अच्छी योजना है। आज मैं अपनी बेटी के नाम पर इसमें पैसा जमा कर रही हूं, ताकि आने वाले समय में उसकी पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए यह राशि काम आ सके।
                 उल्लेखनीय है कि शासन की ऐसी योजनाएं वर्षा देवांगन जैसे अभिभावकों को बेटियों के भविष्य के लिए समय रहते आर्थिक तैयारी करने का अवसर दे रही हैं। सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से परिवार छोटी-छोटी बचत को बड़ी पूंजी में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जिससे बेटियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव भी तैयार हो रही है।

Binod Gupta