भटगांव। एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी) प्रोडक्शन एवं प्लानिंग श्री नृपेंद्र नाथ ने भटगांव क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री शरद तिवारी एवं विभागाध्यक्षों द्वारा उनका स्वागत किया गया। महाप्रबंधक ने भटगांव क्षेत्र की समग्र स्थिति, संचालित एवं आगामी खदानों तथा प्रमुख परिचालन चुनौतियों से अवगत कराया। निदेशक ने उत्पादन वृद्धि, परिचालन दक्षता एवं सुरक्षा के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
तत्पश्चात उन्होंने जगन्नाथपुर ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (JOCP) का निरीक्षण कर खनन कार्यों, कोयला एवं ओबी उत्पादन, HEMM की तैनाती एवं उपयोगिता तथा परियोजना की समग्र परिचालन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लक्षित उत्पादन की प्राप्ति हेतु मशीनरी की उपलब्धता बढ़ाने, सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन तथा भूमि एवं पुनर्वास संबंधी मामलों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया।
उन्होंने रात्रिकालीन खनन के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा मानसून के दौरान डी-वाटरिंग एवं पंपिंग व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की और प्रभावी जल निकासी के लिए टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
दौरे के दौरान निदेशक श्री नृपेंद्र नाथ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्पादन, सुरक्षा एवं परिचालन दक्षता के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वित एवं प्रतिबद्ध प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।




