सूरजपुर/27 नवंबर 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर द्वारा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री थॉमस एक्का ने की। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, सूरजपुर श्री मानवेंद्र सिंह एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डी.एस. बघेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में विद्युत विभाग, नगरपालिका, दूरसंचार विभाग एवं विभिन्न बैंकों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने तथा पक्षकारों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने के लिए प्रोत्साहित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को चिन्हित कर लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जाने तथा आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के लंबित मामलों के निराकरण, संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से लाभान्वित करने तथा विभागों द्वारा नियमानुसार माफ अथवा कम की जा सकने वाली राशि के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
नेशनल लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, सस्ता एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत का लाभ उठाएं तथा अपने लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निराकरण कराएं।

