कलेक्टर की अध्यक्षता में जीवन दीप समिति कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न

Binod Gupta
2 Min Read

सूरजपुर, 29 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विगत बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल के सुचारू संचालन के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान आम नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही जीवन दीप समिति की वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा जिला चिकित्सालय की आवश्यकताओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बेहतर ढंग से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारी को समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने को कहा। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की बात कही।
बैठक में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु बिजली, पेयजल, सुरक्षा, साफ-सफाई, व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, मरम्मत कार्य तथा विभिन्न मदों में व्यय के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अस्पताल की अन्य आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न एजेंडों पर विचार कर अनुमोदन किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले एवं जीवन दीप समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

Share This Article