बैगलेस डे पर विद्यालयों में स्वच्छता, रचनात्मकता और खेल गतिविधियों से बच्चों ने सीखा व्यवहारिक जीवन कौशल

Binod Gupta
3 Min Read

जनभागीदारी से जिले के शासकीय विद्यालयों में आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम

रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मिला सीखने का अवसर

सूरजपुर/13 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र पाटले के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में शनिवार को जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में बैगलेस डे के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालय परिसरों में गाजर घास उन्मूलन, परिसर एवं शौचालयों की साफ-सफाई, पाउच-पन्नी का निस्तारण तथा पेयजल स्रोतों की सफाई की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वच्छ विद्यालय के महत्व की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। पेड़ बोल सकते तो क्या कहते विषय पर विद्यार्थियों ने कल्पनात्मक निबंध लेखन किया। पेपर क्राफ्ट गतिविधि में विद्यार्थियों ने कागज को मोड़ने एवं काटने की तकनीक से नाव, हवाई जहाज, तितली, मेंढक आदि आकृतियां तैयार कीं।
विद्यार्थियों ने कागज से ग्रीटिंग कार्ड तथा अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी वस्तुओं का निर्माण किया। गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, कल्पनाशीलता एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित किया गया। विद्यालयों में विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में समुदाय आधारित न्योता भोजन का भी आयोजन किया गया। माध्यमिक शाला कन्या रामानुजनगर में व्यवसायी श्री श्रवण कुमार गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर संकुल समन्वयक श्री जयप्रकाश बरेठा के साथ संयुक्त रूप से विद्यार्थियों के लिए न्योता भोजन का आयोजन कराया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार भैयाथान विकासखंड के प्राथमिक शाला शिवप्रसाद नगर में विद्यार्थियों को कॉपियां उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर समुदाय के सहयोग से विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
आयोजित गतिविधियों की मॉनिटरिंग एडी शिक्षा, एडीपीओ समग्र, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों द्वारा की गई और विद्यालयों में संचालित गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

About The Author

Share This Article