उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिलेभर में आयोजित हुआ शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा,3,619 नवसाक्षर हुए शामिल

सूरजपुर,27 सितम्बर 2026/राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार, कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले के नेतृत्व में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान जिले में आयोजित उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा  में साक्षर होने का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
जिले में आयोजित साक्षरता महापरीक्षा  के लिए 292 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जहां  नव-साक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए 3,620 शिक्षार्थियों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 3,619 परीक्षा में शामिल हुए।
            जिले के परीक्षा केंद्रों पर साक्षरता के प्रति उत्साह की प्रेरक तस्वीरें सामने आईं। कहीं सास और बहू ने एक ही बेंच पर बैठकर परीक्षा दी, तो कहीं पैरों से दिव्यांग एक मां अपने चार माह के बच्चे को गोद में लेकर परीक्षा केंद्र पहुँचीं। इन महिलाओं की भागीदारी ने सीखने के प्रति उनके संकल्प को सामने रखा।

*सास-बहू की जोड़ी ने साथ बैठकर दी साक्षरता परीक्षा*
विकासखंड रामानुजनगर के शासकीय माध्यमिक शाला माझापारा, नारायणपुर परीक्षा केंद्र में श्रीमती रकीबा खातून और उनकी बहू श्रीमती रैसुननिशा साथ परीक्षा देने पहुँचीं। दोनों ने एक ही बेंच पर बैठकर प्रश्नपत्र हल किया। घर की जिम्मेदारियां साथ निभाने वाली सास-बहू की यह जोड़ी अब पढ़ना-लिखना सीखने की राह पर भी साथ आगे बढ़ रही है।

दिव्यांगता और मातृत्व की जिम्मेदारी के बीच वर्षा ने थामी कलम
विकासखंड भैयाथान के शासकीय माध्यमिक शाला हर्रापारा परीक्षा केंद्र में श्रीमती वर्षा अपने चार माह के बच्चे को गोद में लेकर पहुँचीं। पैरों से दिव्यांग वर्षा ने बच्चे की देखभाल के साथ बुनियादी साक्षरता और अंकगणित की परीक्षा दी। सीखने के प्रति उनकी लगन देखकर केंद्र में उपस्थित शिक्षकों और पर्यवेक्षकों ने उनका  अभिवादन किया।

Binod Gupta