एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह 2.0 के तहत कार्मेल स्कूल में 41 छात्राओं का टीकाकरण

Binod Gupta
2 Min Read

अम्बिकापुर 06 अगस्त 2026/   एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) विशेष टीकाकरण सप्ताह 2.0 के अंतर्गत 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक जिले में विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 06 अगस्त को कार्मेल स्कूल, अंबिकापुर में एचपीवी टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। सत्र के दौरान 41 छात्राओं को एचपीवी संक्रमण एवं इससे होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव हेतु टीका लगाया गया।
टीकाकरण के साथ ही छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंधन को एचपीवी संक्रमण, टीके की उपयोगिता, सुरक्षा एवं इससे होने वाले लाभों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पात्र बालिकाओं को निर्धारित आयु में एचपीवी टीकाकरण कराने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
टीकाकरण सत्र को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सीपीएम डॉ. सीमा तिग्गा, डॉ. चंदन केसरी, डॉ. नीलिमा आनंद, शहरी सुपरवाइजर श्री धनेश प्रताप, फार्मासिस्ट आदर्श, एएनएम श्रीमती आर. घोषाल, किरण लकड़ा एवं मधु सिंह, आरएचओ अजीत कुमार मिंज एवं मुकेश कुशवाहा तथा ऑपरेटर अनुप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने की अपील मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अभिभावकों एवं आमजन से अपील की है कि एचपीवी टीकाकरण के लिए निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अभिभावक स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित टीकाकरण सत्रों में अपनी पात्र बालिकाओं को अवश्य लेकर आएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

About The Author

Share This Article