Reading:
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह क्षेत्र में मॉडल आंगनबाड़ी की बदहाल हालत, जर्जर भवन में नौनिहालों की सुरक्षा पर सवाल
सूरजपुर/भैयाथान। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह क्षेत्र में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल स्थिति शासन की योजनाओं और जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। ग्राम पंचायत धर्मपुर स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का भवन लंबे समय से मरम्मत के अभाव में गिरने के हालत में नजर आ रहा है।
भवन की दीवारों पर जगह-जगह दरारें और उखड़ा हुआ प्लास्टर दिखाई दे रहा है। छत और दीवारों पर नमी के निशान हैं तथा भवन का रंग-रोगन भी पूरी तरह खराब हो चुका है। ऐसे जर्जर भवन में छोटे बच्चों के आने-जाने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। खास बात यह है कि यह मामला महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह क्षेत्र से जुड़ा है। इसके बावजूद मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र की यह स्थिति विभागीय निगरानी और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब शासन बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने की बात कर रहा है, तो जमीनी स्तर पर केंद्रों की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है।
अप्रिय घटना से पहले हो मरम्मत ग्रामीणों ने प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग से मांग की है कि केंद्र का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। भवन की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था की जाए, ताकि नौनिहालों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा और पोषण की सुविधा मिल सके।