जिला पंचायत सीईओ ने भैयाथान क्षेत्र में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, समय सीमा में गुणवत्तायुक्त कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

Binod Gupta
2 Min Read

सूरजपुर/08 अगस्त 2026/ जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले द्वारा विगत दिवस जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों एवं शासकीय संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय सीमा में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत ग्राम बतरा स्थित सीएससी सेंटर से हुई, जहाँ उपलब्ध सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके पश्चात प्राथमिक शाला पसलिहा पारा में प्रगतिरत स्कूल भवन एवं बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया। उन्होंने ग्राम लक्ष्मीपुर में चल रहे तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया तथा कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
हाई स्कूल लक्ष्मीपुर के निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्मार्ट क्लासरूम की व्यवस्था देखी और बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई का स्तर परखा। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत बतरा में प्रस्तावित महतारी सदन के निर्माण हेतु चिन्हांकित स्थल का निरीक्षण उपसरपंच एवं महिला समूह की सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर स्थल की उपयुक्तता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता आरईएस, एसडीएम भैयाथान, एसडीओ आरईएस, तहसीलदार भटगांव सहित तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव एवं पटवारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share This Article