Reading:
एसईसीएल भटगांव क्षेत्र में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन
एसईसीएल भटगांव क्षेत्र में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, रुचि एवं साहित्यिक अभिरुचि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 26 सितंबर 2026 को मनोरंजन गृह, भटगांव में गृहणियों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
गृहणियों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5:00 बजे गृहणियों के लिए आयोजित हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता से हुई। भटगांव क्षेत्र में पहली बार राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत गृहणियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में सुहानी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती स्वाति तिवारी एवं अन्य सदस्याओं और बड़ी संख्या में गृहणियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन ने बांधा समां
इसके पश्चात शाम 7:00 बजे मनोरंजन गृह में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री शरद कुमार तिवारी ने आमंत्रित कवियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया।
कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवियों ने देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, हास्य-व्यंग्य, मानवीय संवेदनाओं एवं समसामयिक विषयों पर अपनी रचनाओं का प्रभावशाली काव्य-पाठ प्रस्तुत किया। कवियों की ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा मनोरंजन गृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री शरद कुमार तिवारी ने हिंदी भाषा एवं साहित्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और भावनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। ऐसे साहित्यिक आयोजन हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने तथा कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को हिंदी साहित्य से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सुहानी महिला समिति की अध्यक्षा एवम् अन्य सदस्याएँ, विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय संयुक्त सलाहकार समिति, कल्याण समिति एवं सुरक्षा समिति के सदस्य, सिस्टा, एसटी/एससी/ओबीसी काउंसिल, ओबीसी वेलफेयर एसोसिएशन एवं इनमोसा के सम्मानित सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं गृहणियां उपस्थित रहीं।
राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों ने भटगांव क्षेत्र में हिंदी भाषा, साहित्य एवं सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की तथा सभी उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लेते हुए हिंदी के प्रति अपने जुड़ाव को और मजबूत किया।